नई दिल्ली: शुक्रवार को राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से हल्की बारिश हुई है। आईएमडी ने कहा, ‘‘राजधानी में आज सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता (हवा में नमी) 82 फीसदी रिकॉर्ड की गयी।” दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो गुरुवार के 27.3 डिग्री सेल्सियस से कम है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आज दिन में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच आज तड़के (दो बजे से सुबह पांच बजे तक) दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केन्द्र के आसपास 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी जबकि पालम में वेधशाला केन्द्र में 17.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी। राजधानी दिल्ली में इस महीने अब तक हुई बारिश दीर्घावधि के औसत से ज्यादा रही है। दिल्ली शहर में जहां 09 सितंबर तक 129.1 मिमी बारिश हुई वहीं सामान्य अवधि में 56.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी।
आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में हवाएं उत्तरपूर्व की ओर से करीब 14.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर स्थानों पर वायु गुणवत्ता फिर से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक स्थति में पहुंच गई है और यह मध्यम श्रेणी की पाई गई है। राजधानी के वजीरपुर और आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक क्रमश: 162 और 151 पर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 11 सितंबर के आसपास उत्तर और मध्य बंगाल की खाडी के समीप हवा का कम दवाब का क्षेत्र बन रहा है और इसके 13 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित होने का अनुमान है।