नई दिल्ली: कोरोना काल के दौरान एक बार फिर से केंद्र और राज्य सरकार के बीच विवाद होता दिख रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर अब दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखी है।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया है कि मैं कुछ दिन से सीएम अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहा था, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके पीछे लगे 2 ध्वज में सफेद रंग पर हरी पट्टियां बढ़ा दी गई हैं। मैंने इसके लिए सीएम अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल को पत्र लिखा है।
केंद्रीय मंत्री ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो पीछे दो राष्ट्रीय ध्वज लगे हैं, उनमें हरा हिस्सा बढ़ा दिया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों का इसमें उल्लंघन किया है। प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इसमें सुधार करने की अपील की है। वहीं, उन्होंने अनिल बैजल को चिट्ठी लिखकर इस तरफ ध्यान देने के लिए कहा है।
आपको बता दें कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने कोरोना काल में लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस की हैं। जब भी वह संबोधित करते हैं, तब उनके पीछे दो तिरंगे लगे होते हैं। अब तिरंगों को लेकर आपत्ति जताई गई है। इससे पहले भी कोरोना काल में केंद्र और दिल्ली सरकार कई मामलों पर आमने-सामने आई हैं। हाल ही में ऑक्सीजन की कमी को लेकर महाभारत हुई थी। वहीं, अब वैक्सीन को लेकर तकरार हो गई है।