तिरुवनंतपुरम: लक्षद्वीप फ़िल्म निर्माता आयशा सुल्ताना के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया है। आयशा को लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल के खिलाफ आवाज़ उठाना भारी पड़ गया है। दरअसल आयशा ने कोरोना से न निपट पाने के संदर्भ के प्रफुल पटेल की आलोचना की थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासल पटेल को केंद्र की तरफ से भेजा गया ‘जैव हथियार’ कहा था। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आयशा के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया और पुलिस ने आयशा पर कार्रवाई की है।
दरअसल मामला तब का है जब एक क्षेत्रीय चैनल के न्यूज़ डिबेट शो में आयशा ने केंद्र सरकार और लक्षद्वीप प्रशासक प्रफुल पटेल के खिलाफ टिप्पणी की थी। उस डिबेट के दौरान आयशा ने कहा था कि लक्षद्वीप में कोरोना मामले शून्य थे लेकिन अब रोजाना 100 मामले सामने आ रहे हैं और वह कह सकती हैं कि केंद्र सरकार ने लक्षद्वीप में जैव हथियार तैनात किया है। आयशा की इस टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर जमकर विरोध किया। इसके साथ ही लक्षद्वीप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी अब्दुल खादर हाजी ने आयशा पर ‘राष्ट्र-विरोधी’ टिप्पणी और केंद्र की देशभक्ति की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि आयशा बहुत समय पहले से ही प्रशासक के विवादित कदमों की कड़ी आलोचना करती आईं हैं।
आयशा ने अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया कि उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। लेकिन वह दोबारा कहेंगी की जीत सच्चाई की होगी। आयशा ने आगे कहा कि यह मामला लक्षद्वीप के एक भाजपा कार्यकर्ता ने दर्ज कराया है। लेकिन जहां उनका जन्म हुआ है वहां के लिए वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। वह किसी से नहीं डरती बल्कि उनकी आवाज़ अब और तेज़ होने वाली है।