साल 2023 में हज पर जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। सऊदी अरब सरकार ने हज सफर पर लगाई गई कोरोना पाबंदियों को वापस ले लिया है, साथ ही हज यात्रा पर जाने वाले लोगों की उम्र की सीमा भी हटा दी है। सऊदी सरकार के इस फैसले के बाद अब हर उम्र का व्यक्ति हज सफर पर जा सकेगा। साथ ही जायरीनों की संख्या सीमा के प्रतिबंध को भी हटा दिया गया है।
सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री तौफीक अल-रबिया ने बताया कि इस साल यानी 2023 में हज पर जाने वाले लोगों की तादाद कोरोना काल के पहले जैसी ही होगी।
सऊदी अरब के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक अरब न्यूज के मुताबिक साल 2019 में दुनियाभर के 25 लाख लोगों ने हज यात्रा की थी जो की कोरोना की वजह से वर्ष 2020 में ये संख्या घटकर मात्र एक हज़ार रह गई थी।

सऊदी सरकार के आदेश के अनुसार कोरोना काल में केवल सऊदी अरब के मूल निवासी और जिनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच थी, वही लोग हज कर सकते थे।
साल 2021 में कुछ प्रतिबंधों के साथ ये तादाद बढ़ा कर 60 हजार तक कर दी थी, ये सभी लोग भी सऊदी अरब के नागरिक थे। इन्होंने कोरोना के खिलाफ वैक्सीन की दोनों डोज भी ली थीं। वर्ष 2022 में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हज करने की इजाजत मिली थी, लेकिन पहले के मुकाबले इनकी संख्या भी कम थी। 2022 में कुल 10 लाख लोग हज सफर पर गए थे।