पटना: केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद जदयू से आरसीपी सिंह को ही केंद्र में मंत्री बनाया गया है। जिसके बाद राष्ट्रीय जनता दल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोल दिया है। राजद ने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा की नीतीश कुमार ने एक बार फिर पलटी मार दी है और JDU एक पद मिलने पर ही संतुष्ट हो गया है।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2019 में जब जदयू को मोदी मंत्रिमंडल में सांकेतिक रुप से एक पद दिया जा रहा था तो नीतीश कुमार ने उसे ठुकरा दिया था। लेकिन अब दो साल बाद फिर वही स्थिति है और इस बार भी जदयू को एक ही पद मिला है। नीतीश कुमार इस बार एक पद मिलने पर ही सहमत भी हो गए। ऐसा लग रहा है जैसे नीतीश कुमार भाजपा के आगे हार मान चुके हैं और उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है। मृत्युंजय तिवारी ने कहा की जदयू ने एक बार फिर पलटी मार राजनीति की है और यू-टर्न मारा है।
जदयू ने भाजपा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और नीतीश कुमार घुटने टेककर केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक पद मिलने पर ही सहमत हो गए हैं। साल 2019 में नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में दिए जा रहे एक मंत्री पद को ठुकरा दिया था लेकिन अब उन्होंने घुटने टेक दिए हैं। यही नहीं राजद ने नीतीश कुमार पर जातिवाद का आरोप भी लगाया है। राजद के अनुसार मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए आरसीपी सिंह नीतीश कुमार की ही तरह कुर्मी समुदाय से हैं और इसलिए उन्हें ही मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए भेजा गया।
बता दें कि नीतीश कुमार के जदयू से केवल आरसीपी सिंह को ही कैबिनेट मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। आरसीपी सिंह को इस्पात मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा था कि जदयू के कोटे से तीन-चार मंत्री बनाए जाएंगे। ऐसे में आरसीपी सिंह समेत 4 लोगों के नाम चर्चा में बने हुए थे लेकिन सिर्फ आरसीपी सिंह को ही मंत्री नियुक्त किया गया।