नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद और असम कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रामाणिक की नागरिकता की जांच करने की मांग की है। रिपुन बोरा ने अपने पत्र में ये दावा किया है कि निसिथ प्रामाणिक बांग्लादेश के नागरिक है। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध करते हुए लिखा कि मैं आपसे आग्रह करता हूँ कि निसिथ प्रामाणिक के जन्मस्थान और नागरिकता की पारदर्शी तरीके से जांच की जाए और पूरे मामले को स्पष्ट किया जाए। क्योंकि इससे पूरा देश भ्रमित हो रहा है।
दरअसल निसिथ प्रामाणिक पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से भाजपा सांसद है। हालांकि पहले वे तृणमूल कांग्रेस में थे। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने टीएमसी का साथ छोड़कर BJP का हाथ थाम लिया। बीते दिनों हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नियुक्त किया गया। इसके बाद अब राज्यसभा सांसद रिपुन बोरा ने उनकी नागरिकता पर सवाल उठा दिए हैं। रिपुन ने इस दौरान यह भी बताया कि एक बांग्लादेशी फेसबुक पेज ने निसिथ प्रामाणिक को राज्य मंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी थी और उन्हें ‘बांग्लादेश का बेटा’ भी कहा था। इसके बाद से ही इस विवाद को हवा मिल गई।
रिपुन बोरा ने ट्वीट करते हुए लिखा-‘निसिथ प्रामाणिक एक बांग्लादेशी नागरिक है। यह गंभीर चिंता का विषय है कि एक विदेशी नागरिक एक मौजूदा केंद्रीय मंत्री है। इसे स्पष्ट करने के लिए और जांच करने के लिए मैंने एक पत्र में पीएम नरेंद्र मोदी से आग्रह किया।’ उन्होंने कई रिपोर्टों का हवाला भी दिया है जिसमें यह दावा किया गया है कि निसिथ प्रामाणिक का जन्म बांग्लादेश के गैबांधा जिले के हरिनाथपुर में हुआ था। बोरा ने आगे कहा कि वह कंप्यूटर की पढ़ाई के लिए पश्चिम बंगाल आए थे।
उन्होंने बताया कि कंप्यूटर की डिग्री मिलने के बाद निसिथ TMC में शामिल हो गए और इसके बाद वे भाजपा का हिस्सा बन गए। जिसके परिणामस्वरूप वे कूचबिहार से सांसद और अब केंद्रीय मंत्री के पद पर विराजमान है। हालांकि निसिथ के करीबियों का कहना है कि निसिथ का जन्म और लालन-पालन भारत में ही हुआ है। गौरतलब है कि शनिवार रात तक गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर मंत्रियों की सूची से निसिथ प्रामाणिक का नाम और फ़ोटो गायब थे। आधिकारिक वेबसाइट पर क्लिक करने पर राज्य मंत्री की सूची में केवल नित्यानंद राय और अजय कुमार मिश्रा का ही नाम था।
बता दें कि नित्यानंद राय पहले से ही राज्य मंत्री थे लेकिन अजय कुमार मिश्रा और निसिथ प्रामाणिक को 7 जुलाई को राज्य मंत्री नियुक्त किया गया। कैबिनेट सचिवालय ने सभी सचिवों को एक पत्र में जानकारी दी थी कि निसिथ प्रामाणिक को गृह मामलों, युवा और खेल मंत्रालय में MoS के तौर पर ज़िम्मेदारी दी गई है। वहीं एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि अगर दो लोगों को एक ही दिन मंत्री नियुक्त गया तो आखिर वेबसाइट पर एक का ही नाम और फ़ोटो क्यों है और दूसरे का नाम गायब क्यों है। इसमें ज़रूर कोई बड़ी गलती हुई है।