मुंबई: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से सुर्खियों में बनी उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ‘मोस्ट डिज़ाइरेबल वुमन’ घोषित की गईं है। सुशांत सिंह की मौत के बाद से ही रिया को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। पुलिस हिरासत में रहने के बाद रिया चक्रवर्ती की प्रोफेशनल लाइफ भी काफी प्रभावित हुई।
बता दें कि ‘द टाइम्स’ ने 2020 की 50 मोस्ट ‘डिजायरेबल वुमन’ की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट की रैंकिंग ऑनलाइन पोल में वोट्स के ज़रिए की गई है। 50 ‘मोस्ट डिजायरेबल वुमन’ की इस लिस्ट में रिया चक्रवर्ती का नाम टॉप पर है। इस लिस्ट में टॉप पर जगह बनाकर रिया ने दिशा पाटनी और दीपिका पादुकोण को भी पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर रिया के बाद दूसरे स्थान पर एडलिन कैस्टेलिनो (मिस यूनिवर्स 2020 की तीसरी रनरअप)है। वहीं, तीसरे स्थान पर दिशा पाटनी, चौथे स्थान पर कियारा आडवाणी और पांचवे स्थान पर दीपिका पादुकोण ने जगह बनाई है। इसके साथ ही कैटरीना कैफ छठे और जैकलीन फर्नांडिस सातवें स्थान पर हैं।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद रिया पर एक के बाद एक आरोप लगते गए और रिया पूरी तरह से उलझती नज़र आ रही थीं। दरअसल सुशांत सिंह के परिवार ने रिया को सुशांत की मौत का जिम्मेदार ठहराया था। इस बीच रिया का डिजायरेबल वुमन की लिस्ट में टॉप रैंक हासिल करना उनके लिए बड़ी सफलता है।
रिया के करियर की बात करे तो रिया ने कई फिल्मों में काम किया है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले ही रिया ने इमरान हाशमी और अमिताभ बच्चन के साथ फ़िल्म ‘चेहरे’ की शूटिंग समाप्त की थी। यह फ़िल्म इसी साल अप्रैल में रिलीज़ की जानी थी लेकिन कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ़्तार ने फ़िल्म के रिलीज़ होने पर रोक लगा दी। रिया ने फ़िल्म ‘जलेबी’ में भी काम किया था जिसमें लोगों ने उनके अभिनय को खूब सराहा।