टोक्यो: भारत के कुश्ती गुरु द्रोणाचार्य अवार्डी महाबली सतपाल के शिष्य पहलवान रवि कुमार दहिया टोक्यो ओलम्पिक के कुश्ती मुकाबलों में गुरूवार को पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले में रूसी ओलम्पिक समिति के जावूर युगेव से 4-7 से हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
रवि ने इसके साथ ही भारत को इन खेलों का दूसरा रजत पदक और ओवरआल पांचवां पदक दिला दिया। रवि ने इस रजत के साथ ही लंदन ओलम्पिक के रजत विजेता सुशील कुमार की उपलब्धि की बराबरी कर ली लेकिन वह अभिनव बिंद्रा के 2008 ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने के प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर पाए।
Ravi Kumar Dahiya is a remarkable wrestler! His fighting spirit and tenacity are outstanding. Congratulations to him for winning the Silver Medal at #Tokyo2020. India takes great pride in his accomplishments.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 5, 2021
पीएम नरेंद्र मोदी ने रवि दहिया को जीत पर ट्वीट कर बधाई दी है। पीएम ने ट्वीट कर लिखा, रवि कुमार दहिया एक उल्लेखनीय पहलवान हैं। उनकी फाइटिंग स्पिरिट और दृढ़ता उत्कृष्ट है। #Tokyo2020 में रजत पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई। भारत को उनकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है।
टोक्यो खेलों में भारत का यह 5वां पदक है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बीते गुरुवार को कांस्य पदक पर कब्जा किया। भारोत्तोलन में मीराबाई चनू ने रजत, बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने कांस्य पदक जीता है। साथ ही बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने कांस्य हासिल किया।