मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को सॉफ्ट पॉर्नोग्राफी फ़िल्म बनाने के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राज कुंद्रा पर यह भी आरोप है कि उन्होंने सॉफ्ट पॉर्नोग्राफी फ़िल्म बनाकर ऐप पर अपलोड कर दी। आज राज कुंद्रा की कोर्ट में पेशी है और पुलिस का दावा है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ सबूत भी है। राज कुंद्रा के अतिरिक्त ऐप पर वीडियो अपलोड करने वाले उमेश कामथ को भी गिरफ्तार किया है। बता दें कि अगर राज कुंद्रा वास्तव में इस मामले में दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें जुर्म की गंभीरता के अनुरूप 5 साल की जेल या 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
दरअसल इसी साल फरवरी में मुंबई में सॉफ्ट पॉर्नोग्राफी फिल्में बनाने और उन्हें ऐप्स पर पब्लिश करने को लेकर मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच पड़ताल में राज कुंद्रा का नाम सामने आया है। राज कुंद्रा पर अश्लील फिल्में बनाने के साथ-साथ उन्हें ऐप्स पर अपलोड करने का आरोप भी है। क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक राज कुंद्रा इस मामले में मुख्य किरदार है। जब फरवरी में मामला दर्ज किया गया था तो पुलिस ने जांच के दौरान एकता कपूर से उनका बयान लिया था। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र साइबर सेल ने शर्लिन चोपड़ा और पूनम पांडे की स्टेटमेंट भी दर्ज की थी। जिसके तहत एफआईआर में बताया गया है कि इस मामले में शर्लिन चोपड़ा ने राज कुंद्रा का नाम लिया था। जिसके बाद अब मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यही नहीं देर रात उनका मेडिकल भी कराया गया और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस की माने तो शर्लिन चोपड़ा ने बताया है कि अडल्ट इंडस्ट्री में उन्हें लाने वाले कोई और नहीं बल्कि राज कुंद्रा ही हैं। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें हर एडल्ट फ़िल्म के लिए 30 लाख रुपए मिलते थे और शर्लिन ने कहा है कि उन्होंने इस तरह के 15-20 प्रोजेक्ट पर काम किया हैं। इसके अलावा फिल्मों को अपलोड करने को लेकर भी पुलिस को कई जानकारियां मिली हैं। ये सभी फिल्में भारत से नहीं बल्कि लंदन से ऐप पर अपलोड की जाती थी। इन सभी फिल्मों को राज कुंद्रा का ही करीबी उमेश कामथ अपलोड करता था। मुंबई पुलिस ने उमेश कामथ को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच राज कुंद्रा के कोर्ट में पेशी के दौरान उनकी कस्टडी की मांग कर सकती है। इससे मामले की तह तक पहुंचने और वास्तविकता को जानने में आसानी होगी। इस बात की भी जानकारी मिल सकेगी की वास्तव में राज कुंद्रा ही इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता है या फिर इसकी जड़ कोई और है। बता दें कि अगर पॉर्नोग्राफी मामले में राज कुंद्रा दोषी पाए गए तो उन्हें आईटी (संशोधन) कानून 2008 की धारा 67 (ए) और आईपीसी की धारा 292, 293, 294, 500, 506 व 509 के तहत सज़ा दी जाएगी। जिसके अनुसार उन्हें 5 साल की सज़ा या 10 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है।