नई दिल्ली: आज स्वतंत्रता दिवस के खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आज लाल किले की प्राचीर से 8वीं बार देश को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों को नया मंत्र दिया है। उन्होंने अपने मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ में ‘सबका प्रयास भी जोड़ दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि अब हम इसी संकल्प के साथ अपने सारे लक्ष्यों की पूर्ति करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि हर देश की विकास यात्रा होती है और एक समय ऐसा भी आता है जब देश अपनी अलग परिभाषा देता है। देश नए संकल्पों को लेकर आगे बढ़ता है। अब वह समय भारत की विकास यात्रा में भी आ चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि अपने देश की 75वीं वर्षगांठ को हमें एक कार्यक्रम में सीमित करके नहीं रखना है। उन्होंने कहा कि हम सबको नए संकल्पों को अपना आधार बनाना होगा और अपनी अगली 25 साल की यात्रा के लिए चलना होगा। 25 साल बाद जब हम अपनी आजादी की शताब्दी वर्ष मनाएंगे। पीएम मोदी ने क्या कि यह भारत के सृजन का अमृतकाल है। हम जो भी संकल्प लेंगे वे हमें अपनी स्वतंत्रता के 100 साल की तरफ ले जाएंगे। इस अमृतकाल का उद्देश्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना है जहां जनता के जीवन में अकारण सरकार की दखलंदाजी न हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि हमें एक ऐसा भारत बनाना है जहां विश्व का हर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद हो और हम किसी से कम न हो। सभी देशवासियों का यही संकल्प हो लेकिन ये संकल्प तब तक अधूरा है जब तक इस संकल्प के साथ-साथ मेहनत और पराक्रम की पराकाष्ठा न हो। इसलिए हमें अपने संकल्प में परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा को सिद्ध करना होगा। ये सभी सपने और संकल्प सीमा पार सुरक्षित और समृद्ध दुनिया के लिए हमारा योगदान होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि हम सबको अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लंबा इंतेज़ार करने की ज़रूरत नहीं है। बस अभी से इस कोशिश में जुड़ना होगा क्योंकि हम एक पल भी नहीं गंवा सकते हैं। यह सही समय है अपने देश को बदलने का और इसके नागरिक होने के नाते हमें इसे बदलना ही होगा।