देहरादून: एक तरफ जहां तीरथ सिंह रावत से भाजपा के नेता नाराज़ थे और उन्होंने इस्तीफा दे दिया वहीं दूसरी तरफ नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे पुष्कर सिंह धामी शपथ ग्रहण से पहले ही नेताओं की नाराजगी दूर करने में जुट गए हैं। बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास पर पिछले कई घंटों से बैठक चल रही है। जानकारी है कि बैठक में पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण से पहले पार्टी के नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश की जा रही है।
पिछले कई घंटों से प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास पर भाजपा की बैठक चल रही है। सूत्रों की माने तो बैठक में मदन कौशिक के अतिरिक्त पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और महामंत्री संगठन अजय भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं के स्थान पर युवा पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री चुने जाने पर पार्टी के कई नेताओं ने आपत्ति जताई है और इसी सिलसिले में कई वरिष्ठ नेता नाराज़ है।
वहीं बिशन सिंह चुफाल ने पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर अपनी नाराजगी से साफ इंकार किया है। लेकिन उन्होंने ये भी बताया कि उनकी हरक सिंह रावत और सतपाल महाराज से फ़ोन पर बात हुई है। दूसरी तरफ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत सिंह और खुद पुष्कर सिंह धामी ने भी उनसे बात की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अजय भट्ट ने भी कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर कोई नाराज़गी नहीं है क्योंकि पार्टी नेतृत्व का निर्णय सभी को स्वीकार है। बता दें कि पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी उनके घर जाकर मुलाकात की थी। अपने शपथ ग्रहण से पूर्व धामी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से बात कर रहे हैं। इसी कड़ी में धामी पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और बीसी खंडूरी से भी उनके आवास पर मिलने पहुंचे थे।
मालूम हो कि आज शाम 5 बजे 45 वर्षीय पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं। राजभवन में आज उन्हें शपथ दिलाई जाएगी और इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी और कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। धामी के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी पत्नी गीता धामी भी पहुंचेंगी।