काबुल: तालिबान के साथ लड़ाई के दौरान पंजशीर प्रतिरोधी मोर्चा के प्रवक्ता फहीम दुश्ती की मौत हो गयी। अफगान न्यूज एजेंसी ने आज तड़के अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। वहीं प्रतिरोधी मोर्चा से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “पंजशीर प्रतिरोधी मोर्चा के प्रवक्ता फहीम दुश्ती तालिबान के साथ लड़ाई में मारे गए।”
बाद में राष्ट्रीय प्रतिरोधी मोर्चा ने भी आधिकारिक तौर पर कमांडर अब्दुल वुडोद जारा के साथ दुश्ती की मौत की पुष्टि कर दी। प्रतिरोधी मोर्चा ने ट्वीट कर कहा, “दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि द नेशनल रेजिस्टेंस ऑफ अफगानिस्तान ने आज दमन और आक्रमण के खिलाफ पवित्र प्रतिरोध में दो साथियों को खो दिया। एनआरएफ प्रवक्ता फहीम दुश्ती और जनरल अब्दुल वुडोद ज़ारा शहीद हो गए। उनकी स्मृति अमर रहे!”
फहीम दश्ती की मौत से एक दिन पहले ही प्रतिरोधी मोर्चे ने तालिबानियों का नुकसान किया था। गोलीबारी के दौरान 600 से ज्यादा तालिबानियों की मौत की खबर सामने आई थी, साथ ही एक हजार से ज्यादा ने आत्मसमर्पण किया था। फहीम दश्ती भी इस संघर्ष का हिस्सा रहे थे, उन्होंने ही 600 तालिबानियों की मौत की पुष्टि भी की थी।