बिहार में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को महागठबंधन दल का नेता चुन लिया गया है, आज दोपहर 2 बजे नीतीश कुमार महागठबंधन के समर्थन से बिहार के मुख्यमंत्री (Chief Minister Bihar) पद की शपथ लेंगे। नीतीश के साथ आज राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) भी उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) पद की शपथ लेंगे।
नीतीश कुमार की सरकार को कांग्रेस, राजद और वामदलों के साथ साथ जीतनराम मांझी (Jeetanram Manjhi) की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा का भी का समर्थन प्राप्त होगा। इन दलों के कुल 164 विधायकों ने नीतीश के लिए अपने समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा है।
इससे पहले नीतीश कुमार को महागठबंधन के विधायक दल का नेता चुना गया जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल फागु चौहान से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। आज राजभवन में दोपहर 2 बजे शपथ ग्रहण का समय तय किया गया है।
जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार आठवीं बार आज बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वर्ष 2005 के बाद से बीच के कुछ दिनों को छोड़ कर नीतीश कुमार लगातार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर आसीन रहे हैं।
भाजपा से मतभेद होने के बाद कल नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़ने का एलान किया था जिसके बाद महागठबंधन दलों ने उन्हें अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। नीतीश ने भाजपा पर उनकी पार्टी जदयू को कमज़ोर करने और पार्टी तोड़ने का भी प्रयास करने का बड़ा आरोप लगाया था और यही वजह रही कि नीतीश कुमार ने बिहार में एनडीए से अलग होने का फैसला किया।