चंडीगढ़: टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा को आज हर तरफ से बधाइयां मिल रहीं हैं। बधाइयों के साथ-साथ उनपर इनामों की बारिश भी हो रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा को 6 करोड़ रुपये इनाम के रूप में देने और सरकारी नौकरी दिए जाने की घोषणा की है।
नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता। बता दें कि नीरज चोपड़ा दूसरे ऐसे भारतीय हैं जिन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इससे पहले अभिनव बिंद्रा ने निशानेबाजी में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। शनिवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ट्वीट कर बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था-‘टोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने आज जो हासिल किया है उसे हमेशा याद किया जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने उल्लेखनीय जुनून के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।’ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी ट्वीट कर नीरज को बधाई दी।
उन्होंने ट्वीट किया-‘टोक्यो ओलम्पिक में आज भारत के नाम एक नया इतिहास दर्ज हुआ है। विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए भाला फेंक स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक जिताने के लिए नीरज चोपड़ा जी को हिमाचल की ओर से हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ।’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया-‘नीरज चोपड़ा घर ले आए स्वर्ण! क्या शानदार प्रदर्शन है। इतिहास रचा गया है। भारत को आप पर बहुत गर्व है। बधाई हो।’
कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया- ‘शानदार नीरज चोपड़ा। आज एक अरब दिल आपके लिए धड़क रहे हैं और हर भारतीय आप पर गर्व करता है।’ केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा -‘क्या शानदार जीत है। नीरज चोपड़ा ने हाल ही में एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता है। पूरा देश उत्साहित है। नीरज को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई। आपने हर भारतीय को प्रेरित किया है। धन्यवाद। नीरज चोपड़ा की ऐतिहासिक जीत के साथ हम भारत द्वारा किसी भी ओलंपिक में सबसे अधिक पदकों तक पहुंच गए हैं। उम्मीद है संख्या बढ़ेगी।’
शनिवार को ही निजी विमान कंपनी इंडिगो ने भी नीरज चोपड़ा को इनाम स्वरूप एक वर्ष तक असीमित निशुल्क यात्रा करने की सुविधा देने की घोषणा की है। इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनॉजॉय दत्त ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि नीरज हम आपकी इस उपलब्धि से बहुत खुश हैं। आपने हमें बहुत गौरान्वित किया है। मुझे विश्वास है कि इंडिगो की किसी भी फ्लाइट में हमारे सभी कर्मचारी आपका स्वागत करने पर सम्मानित महसूस करेंगे। बता दें कि नीरज चोपड़ा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। हालांकि एथलेटिक्स में ओलंपिक पदक जीतने वाले वे पहले भारतीय बने हैं।