चंडीगढ़: पंजाब में जारी घमासान के बीच बुधवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने एक वीडियो शेयर किया है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू का ये पहला बड़ा बयान है। सिद्धू का कहना है कि वह अपने मुद्दों से समझौता नहीं कर सकते हैं, हक और सच की लड़ाई वह लड़ते रहेंगे।
सिद्धू ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘मैं ना ही हाईकमान को गुमराह कर सकता हूं और ना ही गुमराह होने दे सकता हूं। पंजाब के लोगों के लिए मैं किसी भी चीज़ की कुर्बानी दूंगा, लेकिन अपने सिद्धातों पर लड़ूंगा। दागी नेता, दागी अफसरों की वापसी कर वही सिस्टम खड़ा नहीं किया जा सकता है।’ वीडियो के अंत में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उसूलों पर आंच आए तो टकराना जरूरी है, जिंदा हो तो जिंदा नज़र आना जरूरी है।
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ‘प्यारे पंजाबियों, 17 साल का राजनीतिक सफर एक मकसद के साथ किया है। पंजाब के लोगों की जिंदगी को बेहतर करना और मुद्दों की राजनीति करना। यही मेरा धर्म था और यही मेरा फर्ज है, मैंने कोई निजी लड़ाई नहीं लड़ी है। मेरी लड़ाई मुद्दों की है, पंजाब का अपना एक एजेंडा है। इस एजेंडे के साथ मैं अपने हक-सच की लड़ाई लड़ता रहा हूं, इसके लिए कोई समझौता ही नहीं है।’
गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने बीते दिन ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया। सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भेजकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष का पद छोड़ने की घोषणा की लेकिन यह भी कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहेंगे।