लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 75 में से 67 सीटों पर बाजी मार ली है। ऐसा माना जा रहा है कि ये जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। भाजपा को इस बार मुस्लिमों ने भी समर्थन दिया है। जिस तरह BJP ने 65 से अधिक का लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे हासिल कर लिया है। ऐसे में मुस्लिम समुदाय ने भी भाजपा को वोट देकर उनका लक्ष्य पूरा करने में सहयोग किया है।
बिजनौर जिला पंचायत चुनाव में BJP ने अपनी जीत का झंडा लहरा दिया है। इस जीत के पीछे मुसलमान जिला पंचायत के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई है। बता दें कि यहां 12 मुस्लिम सदस्यों ने अपना वोट भाजपा को देकर उन्हें विजयी बना दिया। चुनाव की घोषणा होने के बाद समाजवादी पार्टी ने ये दावा किया था कि गठबंधन के नेताओं के साथ 40 सदस्य उनके पास हैं लेकिन भाजपा ने तो जीत हासिल करने का निश्चय किए बैठी थी। बता दें कि BJP ने बसपा के 5 जिला पंचायत सदस्यों को अपने साथ ले लिया था जिसमें से 4 सदस्य मुस्लिम थे। इसके अतिरिक्त बीजेपी ने 5 निर्दलीय मुस्लिम सदस्यों को भी अपने पाले में ले लिया लेकिन फिर भी भाजपा बहुमत हासिल करती नहीं दिख रही थी। इसलिए BJP ने सपा में सेंधमारी करते हुए तीन मुस्लिम वोट हासिल कर लिए जिसके बाद 12 मुस्लिम वोटों ने भाजपा को जीत का सेहरा पहना दिया।
भाजपा ने बड़ी सूझ-बूझ और चालाकी से मुस्लिम वोट हासिल किए। 12 मुस्लिम वोटरों में 4 वोटर महिलाएं थीं। मुस्लिम सदस्यों को अपनी तरफ खींचने के लिए भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र चौधरी का प्रस्तावक बसपा से भाजपा में आई अनवर ज़ेबा को बना दिया। ताकि मुस्लिम समुदाय में भाजपा के प्रति विश्वास बन सके कि भाजपा उन्हें जोड़कर रखने में विश्वास रखती है और इस तरह BJP अपनी रणनीति में सफल हो गई। ऐसा इसलिए क्योंकि मुस्लिम महिला को समर्थक बनाकर पार्टी ने रिस्क लिया था और बिजनौर में 8 सदस्य होने के बाद भी उन्होंने 22 सदस्य जुटाकर जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट हासिल कर ली। वहीं सपा गठबंधन की उम्मीदवार चरणजीत कौर को केवल 25 वोट ही हासिल हुए और सपा को पराजय मिली।
वहीं फर्रुखाबाद में मुस्लिम महिला ताहिरा मिसकात ही एकमात्र जिला पंचायत सदस्य है और उनका संबंध सपा के राजनैतिक परिवार से हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने भी अपना वोट भाजपा की उम्मीदवार मोनिका यादव को दिया है। यही नहीं हापुड़ में जिला पंचायत सदस्य नसरीन ने भी BJP के समर्थन में वोट दिया। हाल ये था कि गाजीपुर में ओवैसी की पार्टी AIMIM के ही दो जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा को वोट दिया। हालांकि दोनों सदस्यों का कहना है कि ये AIMIM को बदनाम करने के लिए अफवाह उड़ाई गई है।