पटना: बिहार सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमां खान ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उनके पूर्वज हिन्दू थे। उनके इस बयान के बाद विश्व हिंदू परिषद नेता सुरेंद्र जैन ने कहा कि भारत में 95 प्रतिशत मुसलमानों के पूर्वज हिन्दू थे। सुरेंद्र जैन ने आगे कहा कि जमां खान ने ये बात स्वीकार की है जो कि एक बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज देश से तभी जुड़ सकता है जब वह बाबर और गजनी जैसे आक्रमणकारियों से अपने संबंध तोड़कर खुद को धरती पुत्र समझे।
दरअसल बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमां खान ने शुक्रवार को एक बयान दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके बुजुर्ग बैसवाड़ा से आए थे। जमां खान ने कहा कि जयराम सिंह और भगवान सिंह हमारे पूर्वज थे। जिसके बाद भगवान सिंह ने इस्लाम कुबूल कर लिया और वह मुसलमान बन गए, यहीं मेरा खानदान है। जमां खान ने बताया कि आज भी उनके खानदान के कई लोग हिन्दू राजपूत हैं। क्योंकि हमारे पूर्वजों ने इस्लाम कुबूल किया तो हम भी मुसलमान हैं।
बता दें कि जमां खान जबरन धर्मांतरण को गलत मानते हैं और इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर कोई स्वयं की इच्छा से धर्म परिवर्तन करना चाहता है तो ये ठीक है। लेकिन अगर कोई ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन कराएगा तो राज्य सरकार ऐसा होने नहीं देगी और न ही वह कानून से बच पाएगा। ऐसे में कानून उसे सख्त सजा देगा। जमां खान ने बताया कि उनके पूर्वज हिन्दू थे जिनमें से एक भाई ने इस्लाम धर्म अपना लिया। आज भी जमां खान के अपने हिन्दू परिवारों से संबंध हैं।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमां खान ने कहा कि किसी का धर्म ज़बरदस्ती बदला नहीं जा सकता। कोई मेरे सिर पर बंदूक तानकर ऐसा करने को कहे तो भी मैं ऐसा नहीं करूंगा। कोई भी व्यक्ति ज़बरदस्ती धर्म नहीं बदल सकता। कानून उसे सजा देगा। मेरे पूर्वज भी हिन्दू थे जिन्होंने इस्लाम अपना लिया और इसलिए हम आज मुसलमान हैं।