नई दिल्ली: दिल्ली में अनलॉक प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। अब तक बाज़ार और मेट्रो सेवाओं पर रोक लगी हुई थी। ऐसे में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 7 जून से कुछ छूट देने की घोषणा की है। घोषणा के अनुसार 7 जून से दिल्ली के मॉल और बाज़ार निर्धारित समय के साथ ऑड-ईवन फॉर्मूले के अनुसार खोले जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त निजी दफ्तरों को भी 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ खोलने की अनुमति होगी।
दिल्ली में अनलॉक प्रक्रिया में अब कुछ रियायतें मिलने वाली हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की जानकारी दी है। दरअसल दिल्ली में 7 जून को लॉकडाउन समाप्त हो रहा है और अब दिल्ली अनलॉक होने जा रही है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने कोरोना महामारी की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए अनलॉक प्रक्रिया के लिए कुछ महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए है। केजरीवाल सरकार के निर्णय अनुसार दुकानों को सुबह 10 बजे से शाम के 8 बजे तक खोला जाएगा। इसके साथ ही दुकानें ऑड-ईवन फॉर्मूले के आधार पर खोली जाएंगी यानी जो दुकानें आज खुलेंगी वो अगले दिन बंद रहेंगी। सरकारी दफ्तर पूरे कर्मचारियों के साथ खुलेंगे जबकि निजी दफ्तर 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खोले जाएंगे। इसके अतिरिक्त मेट्रो भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चलेंगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को दो समितियों के साथ बैठक की। ये समितियां ऑक्सीजन प्रबंधन व आईसीयू बिस्तर समेत अन्य ज़रूरतों के लिए गठित की गई थी। इस बैठक के दौरान उन्होंने कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों और उससे निपटने के विषय में चर्चा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी-‘दूसरे देशों के अनुभव बताते हैं कि हमें कोरोना की संभावित तीसरी लहर से सावधान रहते हुए उसके लिए पहले से तैयारियां करनी होंगी। इसी के मद्देनजर आज माननीय मुख्यमंत्री श्री @ArvindKejriwal जी ने Expert Committee के साथ बैठक की। समिति के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।’