नई दिल्ली: टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का अद्भुत प्रदर्शन जारी है। पैरालंपिक की शूटिंग में भारतीय पैराशूटर्स ने अपने जीत का परचम लहरा दिया है। जहां मनीष नरवाल ने शूटिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया तो वहीं सिंहराज ने भी रजत पदक जीत लिया है। मनीष नरवाल ने P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएस-1 फाइनल में 218.2 के अंकों के साथ पहले स्थान पर जगह बनाई। वहीं सिंहराज ने 216.7 अंक हासिल करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।
टोक्यो पैरालंपिक की शूटिंग प्रतिस्पर्धा में मनीष नरवाल और सिंहराज के अद्भुत प्रदर्शन के साथ भारत के पास अब पदकों की संख्या 15 हो गई है। बता दें कि मनीष और सिंहराज फरीदाबाद के निवासी हैं। सिंहराज ने क्वालिफिकेशन में 536 अंक हासिल करते हुए चौथे स्थान पर जगह बनाई थी वहीं मनीष नरवाल 533 स्कोर के साथ सातवें नंबर पर रहे थे। इसी कड़ी में 19 वर्षीय मनीष नरवाल ने भारत को तीसरा गोल्ड मेडल जिताया है। मालूम हो कि इससे पहले विमन्स 10m एयर राइफल SH1 में अवनि लखेरा और मेन्स जेवलिन थ्रो F64 में सुमित अंतिल ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। इसके अतिरिक्त 39 वर्षीय सिंहराज ने वर्तमान में चल रहे पैरालंपिक खेलों में दूसरा मेडल जीता है। इससे पहले वे 10m Air Pistol SH1 में कांस्य पदक अपने नाम कर चुके हैं। वहीं अवनि लखेरा ने भी दो पदक हासिल किए हैं। उन्होंने एक स्वर्ण और दूसरा कांस्य पदक जीता है। इन्हीं के साथ अब भारत की झोली में कुल 15 पदक हो गए हैं। इस सूची में 3 स्वर्ण पदक, 7 रजत पदक और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। गौरतलब है कि अब तक पैरालंपिक के इतिहास में ये भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले रियो पैरालंपिक में भारत की झोली में कुल 6 पदक ही आये थे। जिनमें 2 स्वर्ण समेत 4 पदक शामिल थे।
टोक्यो पैरालंपिक में भारत की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को अलग-अलग ट्वीट करते हुए बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा-‘उत्कृष्ट सिंहराज अधाना इसे फिर से करते हैं। उन्होंने इस बार मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच1 इवेंट में एक और पदक जीता। उनके इस कारनामे से भारत खुश है। उन्हें बधाई। उन्हें भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। एक दूसरा ट्वीट करते हुए PM मोदी ने लिखा-‘ टोक्यो पैरालिंपिक से गौरव जारी है। युवा और शानदार प्रतिभावान मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। उन्हें बधाई। आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।’