पटना: बिहार में लॉक डाउन खोले जाने के संदर्भ में आज नीतीश कुमार फैसला लेंगे। यदि लॉकडाउन बढ़ाया जाता है तो क्या-क्या रियायतें मिलेंगी सभी की जानकारी आज नीतीश कुमार फैसला लेने के बाद देंगे। फिलहाल बिहार में कोरोना संक्रमण को देखते हुए कुछ ढील के साथ लॉकडाउन बढ़ाये जाने की आशंका है। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर के कारण बिहार में 5 मई से ही लॉकडाउन लगा है।
दरअसल बिहार में 8 जून तक लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। अब मंगलवार को आपदा प्रबंधन समूह की भी मीटिंग होने वाली है। इस मीटिंग में लॉकडाउन बढ़ाने और प्रतिबन्धों में ढील दिए जाने को लेकर फैसला लिया जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने 5 मई को बिहार में एक हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की थी लेकिन संक्रमण की रफ्तार न थमने के कारण बिहार सरकार ने 4 बार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई थी और अब 8 जून को यह अवधि समाप्त हो रही है।
जानकारी के अनुसार बिहार में अभी लॉकडाउन जारी रहने की संभावना है। हालांकि लॉकडाउन 5 में कुछ रियायतें दी जा सकती हैं। अब तक के लॉकडाउन में दुकानों को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खोलने की अनुमति थी। लेकिन लॉकडाउन 5 में यह सीमा बढ़ाए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही ऑड-ईवन सिस्टम के अनुसार ही दुकानें खोली जाएंगी। बस और सार्वजनिक परिवहन जैसी सेवाओं को भी 50 प्रतिशत यात्रियों के साथ सफर की अनुमति होगी। निजी वाहनों से आवाजाही पर भी छूट मिल सकती है।
बिहार सरकार के लॉकडाउन जारी रखने के पीछे कारण है लॉकडाउन के कारण कोरोना संक्रमण दर में कमी आना। मालूम हो कि राज्य में 5 मई से लॉकडाउन है और उस समय कोरोना संक्रमण की दर 15.57 प्रतिशत थी। जो कि अब घटकर 0.84 प्रतिशत हो गई है।