पटना: राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सुशील मोदी को निशाना बनाया है। इस बार रोहिणी ने सुशील मोदी की मानसिकता पर प्रहार किया है। रोहिणी ने सुशील मोदी पर हमला बोलते हुए अनेक ट्वीट किए हैं। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा-‘आपकी मानसिकता बता रही है, घरेलू महिला या महिलाओं के प्रति कैसी आप की ओछी सोच है ? जिसको मां बहनों का भी सम्मान करने का संस्कार नहीं वो नेता तो क्या ? इंसान कहलाने के लायक नहीं..!! नोट-महिलाओं के प्रति इसी घिनौनी सोच के कारण… डबल इंजन की सरकार ने..बालिका गृह कांड का अंजाम दिया!!’
रोहिणी ने इसी कर्म में एक दूसरा ट्वीट करते हुए लिखा-‘क्या घरेलू महिला..क्रांति नहीं ला सकती.. जिसके मुंह से ये बात निकली..महिला और भारतीय समाज का..उपहास और अपमान करने का.. उसने घोर अनैतिक पाप किया..!!’ इससे अगले ट्वीट में रोहिणी ने लिखा-‘बरसाती मेंढक जरा ये तो बताओ जन घोटाला, शौचालय घोटाला, फर्जी शिक्षक घोटाला और बालिका गृह कांड में मासूम बच्चियों को सत्ता-संरक्षित बलात्कार करवा कर स्कूल को गैरेज अस्पतालों को मवेशियों का तबेला बनवाकर विधायिका-कार्यपालिका को कौन विकृत कर रहा है इस पर भी जरा ज्ञान दें..।’
मालूम हो कि ऐसा पहली बार नहीं है जब रोहिणी आचार्य ने इस प्रकार व्यंग्यात्मक ट्वीट किया हो। कुछ समय पहले भी रोहिणी ने सुशील मोदी पर तंज करते हुए ट्वीट किया था। तब उन्होंने सुशील मोदी को बरसाती मेंढक की संज्ञा दी थी।
बता दें कि कुछ दिन पहले लालू यादव ने संपूर्ण क्रांति दिवस पर लोगों को बधाई दी थी। तब सुशील मोदी ने राबड़ी देवी के बहाने लालू यादव पर तंज कसते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था-‘घरेलू महिला राबड़ी देवी को सीधे मुख्यमंत्री बनवा कर क्या लालू प्रसाद संसदीय लोकतंत्र की व्यवस्था को दुरुस्त करने की “क्रांति” कर रहे थे?जिसने सत्ता को बेनामी सम्पत्ति बनाने का निर्लज्ज माध्यम बनाकर जेपी की सम्पूर्ण क्रांति का विकृत मॉडल पेश किया, उन्हें सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर ज्ञान देने के बजाय प्रायश्चित करना चाहिए !’