नई दिल्ली: अगले साल 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले जहां एक तरफ कई राज्यों में कांग्रेस में अंदरूनी कलह जारी है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस में फेरबदल होने की भी खबरें हैं। दरअसल खबर है कि कमलनाथ को कांग्रेस का एक्टिंग अध्यक्ष अथवा कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया का सकता है। इसके अतिरिक्त आगामी कुछ महीनों में कांग्रेस अपना नया अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस जल्द ही अपनी कार्यकारिणी समिति की बैठक बुलाएगी। इस बैठक में चर्चा होने के बाद पार्टी में कुछ महत्वपूर्ण फेरबदल किए जाने की संभावना है। इसके अतिरिक्त कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अगस्त में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) सेशन का आयोजन किया जा सकता है। सूत्रों की माने तो कमलनाथ को कांग्रेस के संगठन में कोई बड़ी ज़िम्मेदारी दी जाएगी।
बता दें कि कांग्रेस के सभी तबकों में कमलनाथ की पैठ है और इसलिए ये अनुमान लगाया जा रहा है कि कमलनाथ को ही कांग्रेस का एक्टिंग अथवा कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि अभी तक इसे लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, यह बस शुरुआती चरण की खबर है। वर्तमान में सोनिया गांधी पार्टी की कमान संभाल रही हैं लेकिन पार्टी के कुछ लोगों का कहना है कि राहुल गांधी को दोबारा से कांग्रेस की अध्यक्षता ग्रहण कर लेनी चाहिए। खबर यह भी है कि कमलनाथ कोषाध्यक्ष पद के लिए खास उत्सुक नहीं हैं और वह पार्टी में किसी बड़ी ज़िम्मेदारी की बागडोर संभालने के लिए हामी भर सकते हैं। गुरुवार को कमलनाथ ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात भी की है और इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।
इसके साथ ही पार्टी ने पंजाब कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी कलह को सुलझाने का हल भी निकाल लिया है। जानकारी के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि अब भी पार्टी को राजस्थान कांग्रेस में सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच का विवाद सुलझाना है।