पटना: भागलपुर में भाजपा और जदयू के बीच विवाद चल रहा है। दरअसल गोपालपुर के विधायक नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद से उनके इस्तीफे की मांग की है। गोपाल मंडल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते उप मुख्यमंत्री पर गठबंधन के नेताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत शिविरों का दौरा करते समय भाजपा और जदयू की उपेक्षा की गई।
विधायक ने उपमुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ता इंतेज़ार करते रह गए लेकिन तारकिशोर दूसरी पार्टी के नेताओं के साथ उनके क्षेत्र में चले गए। उन्होंने कहा कि वे उस लोजपा प्रत्याशी के साथ बात कर रहे थे जिन्होंने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके खिलाफ चुनाव लड़ा था। उन्होंने आगे कहा कि उपमुख्यमंत्री LJP नेता राजेश वर्मा के घर जाते हैं और वहां नाश्ता-खाना खाते हैं। शुक्रवार को नवगछिया के बाल भारती स्कूल में BJP और JDU कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री तारकिशोर के आने का इंतेज़ार करते रहे लेकिन वो तीन घंटे की देरी से पहुंचे और इसके बाद भी वे लोजपा नेताओं से बातचीत करते रहे। इसके बाद गोपाल मंडल ने उनके इस्तीफा देने की बात की। उन्होंने इस दौरान NDA के शीर्ष नेताओं को इस मामले में जांच करते हुए कार्रवाई करने की मांग भी की। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पर किसी का कोई दबाव नहीं है और बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री दोबारा नहीं मिलेगा। गठबंधन में एक के बागी होने से कोई असर नहीं होगा। उन्होंने गठबंधन के शीर्ष नेताओं से मांग करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री के अपने कार्यक्रम में भाजपा और जदयू के साथ बिताए गए समय और लोजपा-राजद नेताओं के साथ बिताए गए समय की जांच कराई जाए।
वहीं BJP के जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने गोपाल मंडल के उपमुख्यमंत्री पर लगाये गए आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक गोपाल मंडल अपने क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान देने के स्थान पर गलत आरोप-प्रत्यारोप करते हुए चर्चा में बने रहना चाहते हैं। उन्होंने गोपाल मंडल की मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात भी कही। उन्होंने आगे कहा कि भागलपुर दौरे पर उपमुख्यमंत्री ने गठबंधन धर्म का भली-भांति पालन किया है।