अबुजा: नाइजीरिया एक बार फिर बंदूकधारियों का शिकार हो गया। रविवार को बंदूकधारियों ने नाइजीरिया के नाइजर राज्य में स्थित सलिहू टांको इस्लामिक स्कूल पर हमला कर वहां के 150 छात्रों का अपहरण कर लिया है। इस विषय में स्कूल के मालिक अबुबकर तेजीना ने घटना की जानकारी दी।
सलिहू टांको इस्लामिक स्कूल के मालिक तेजीना ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से पूरी घटना देखी। दरअसल तेजीना का घर स्कूल से केवल 150 मीटर की दूरी पर है। तेजीना के अनुसार बंदूकधारी मोटरसाइकिल पर सवार थे और वे स्कूल के अंदर गए जहां से लगभग 150 छात्रों को अगवा कर वह अपने साथ ले गए। हालांकि तेजीना के अनुसार अगवा हुए छात्रों की सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती क्योंकि कई छात्र अभी तक स्कूल नहीं पहुंचे थे। स्कूल में कुल 300 बच्चे पढ़ते हैं जिनकी आयु 7 से 15 के बीच है।
तेजीना के मुताबिक ये छात्र केवल स्कूल आने के लिए ही बाहर निकलते हैं अन्यथा ये घर में ही रहते हैं। नाइजर के पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान जारी करते हुए जानकारी दी कि रविवार को दोपहर लगभग 3 बजे मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने तेगीना शहर पर हमला बोल दिया, अंधाधुंध गोलीबारी के बाद सलिहू टांको इस्लामिक स्कूल के छात्रों का अपहरण करके अपने साथ ले गए। हालांकि कितने छात्र अगवा किये गए इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। इससे पहले शनिवार को एक महीने पहले एक विश्वविद्यालय से अगवा किए गए 14 छात्रों और कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया था।
राज्य के गवर्नर के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि इस घटना में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है और एक व्यक्ति गोली लगने के कारण घायल है। बंदूकधारियों ने पहले 11 छात्रों का अपहरण किया था लेकिन उन्हें रिहा कर दिया। इसका कारण यह था कि उनकी उम्र बहुत कम थी और वह काफी दूर तक पैदल नहीं चल सकते थे। इससे पहले उन्होंने बस यात्रियों को भी अगवा कर लिया था।
नाइजीरिया में बीते कुछ महीनों से बंदूकधारियों द्वारा हमले और अपहरण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बंदूकधारियों ने दिसंबर 2020 से अब तक 700 से ज़्यादा बच्चों को फिरौती के कारण अगवा किया है। शनिवार को विश्वविद्यालय के 14 बच्चों को रिहा करने के बाद रविवार को ये हमला होना अजीब है।