मुंबई: फ़िल्म ‘ड्रीम गर्ल’ में आयुष्मान खुराना के साथ नज़र आ चुकी अभिनेत्री रिंकू सिंह निकुंभ अब इस दुनिया में नहीं रहीं। कोरोना संक्रमण के कारण रिंकू सिंह का निधन हो गया है, इसकी जानकारी रिंकू की कज़िन बहन चंदा ने दी है। मालूम हो कि रिंकू आखिरी बार अमेज़न प्राइम की फ़िल्म हेलो चार्ली में नज़र आईं थीं।
कोरोना काल में बॉलीवुड ने बहुत से सितारों को खो दिया है। इसी क्रम में आयुष्मान खुराना के साथ फ़िल्म ‘ड्रीम गर्ल’ में कॉल गर्ल का किरदार निभाने वाली रिंकू सिंह निकुंभ ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। जानकारी के मुताबिक रिंकू कोरोना से संक्रमित थीं। 7 मई को वैक्सीन लगवाने के बाद भी 25 मई को रिंकू की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद से उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया था। तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और पिछले कुछ दिनों से वह आईसीयू में भर्ती थीं। पहले से अस्थमा से पीड़ित रिंकू कोरोना की जंग हार गईं।
रिंकू अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने टीवी के कॉमेडी शो ‘चिड़ियाघर’ से अपनी अलग पहचान बनाई थी। इसके अतिरिक्त रिंकू सिंह बालवीर, मेरी हानिकारक बीवी जैसे कार्यक्रमों में भी काम कर चुकी हैं। अमेज़न प्राइम की फ़िल्म ‘हेलो चार्ली’ में रिंकू को आखिरी बार पर्दे पर देखा गया था।