मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच राज कुंद्रा को लेकर शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर पहुंची है। जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच राज कुंद्रा की पत्नी शिल्पा शेट्टी से सवाल कर सकती है क्योंकि शिल्पा भी राज कुंद्रा के साथ विआन कंपनी की डायरेक्टर हैं। कुछ दिनों पहले ही क्राइम ब्रांच ने विआन कंपनी पर छापा मारा था जहां से उन्हें पॉर्नोग्राफी संबंधी काफी डेटा बरामद हुआ था।
वहीं दूसरी तरफ राज कुंद्रा ने मुंबई पुलिस के खिलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। राज कुंद्रा का मुंबई पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने राज कुंद्रा को उनके सामने पेश होने के लिए 41A नोटिस नहीं दिया था। इसके तहत व्यक्ति को अपने आरोपों से जुड़े नियमों का पालन करने की चेतावनी दी जाती है और अगर व्यक्ति नियमों का पालन करता है तो उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता है। हालांकि उसे रिकॉर्डिंग के लिए ले जाया जा सकता है। नोटिस के नियमों का अनुपालन न करने पर ही गिरफ्तारी होती है। बता दें कि राज कुंद्रा को पोर्न फिल्में बनाने के आरोप में 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद उन्हें 23 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रखा गया। लेकिन आज उनकी कोर्ट में पेशी होने के बाद यह सीमा 27 जुलाई तक कर दी गई है। दरअसल मुंबई पुलिस द्वारा राज कुंद्रा की और 7 सात दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की गई थी। पुलिस का तर्क था कि इस मामले में अभी काफी जांच होना बाकी है। पुलिस ने कहा था कि अधिक सबूत ढूंढने के लिए उन्हें समय की आवश्यकता है। यही नहीं मुंबई पुलिस कहना है कि राज कुंद्रा ने ऑनलाइन सट्टेबाजी भी की है और इसमें उन्होंने Yes बैंक का इस्तेमाल किया है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है इसलिए राज कुंद्रा को अभी न्यायिक हिरासत में रखने की आवश्यकता है।
मुंबई पुलिस की माने तो राज कुंद्रा की गिरफ़्तारी के बाद भी 21 जुलाई को कुछ डेटा डिलीट किए गए हैं। पुलिस इस डेटा को भी रिकवर करवाएगी। इसके अलावा जब राज कुंद्रा को नोटिस भेजा गया तो उनके गूगल और एपल स्टोर से हॉटस्टार जैसे ऐप्स को हटाया गया था। इसके बाद राज ने पोलिफिल्मस की शुरुआत कर दी और इसपर एडल्ट कंटेंट स्ट्रीम किया जाता था।