नई दिल्ली: सागर हत्याकांड के आरोपी पहलवान सुशील कुमार के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने 8 अहम गवाह जुटा लिए हैं। इससे पहलवान सुशील कुमार की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन सभी गवाहों ने सुशील कुमार के खिलाफ गवाही दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस सुशील का मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश में लगी हुई है।
दरअसल, सूत्रों के अनुसार पुलिस को 8 अहम गवाह मिल गए हैं, जिन्होंने सुशील कुमार के खिलाफ गवाही दी है। इन 8 लोगों की गवाही की वजह से सुशील कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सुशील कुमार ने पूछताझ के दौरान क्राइम ब्रांच को वो जगह बता दी है, जहां पर वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन डंप किया गया था। अब वह फोन किसी भी समय क्राइम ब्रांच की टीम के हाथ लग सकता है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया है कि पहलवान सुशील कुमार पूछताछ में सहयोग कर रहे हैं। सुशील कुमार ने वारदात से जुड़ी कई अहम जानकारी क्राइम ब्रांच को बताई हैं। हत्या की इस वारदात में सुशील के साथ गिरफ्तार हुए 4 अन्य आरोपियों को भी कोर्ट के जरिये बुधवार को रिमांड पर ले लिया गया है। क्राइम ब्रांच उन सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।