मुंबई: क्रिकेटर हरभजन सिंह एक बार फिर पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी और अभिनेत्री गीता बसरा ने एक बेटे को जन्म दिया है। इससे पहले भी हरभजन सिंह और गीता बसरा एक बेटी के माता-पिता हैं और अब बेटे के आ जाने से जैसे उनका परिवार पूरा हो गया है। हरभजन सिंह और गीता बसरा दोनों ही घर में आए नन्हे मेहमान के कारण काफी उत्साहित और खुश है।
बता दें कि क्रिकेटर हरभजन सिंह ने 29 अक्टूबर 2015 में अभिनेत्री गीता बसरा से जालंधर में शादी की थी। उनकी इस खुशी की घड़ी में क्रिकेट के साथ-साथ फ़िल्म जगत के भी दिग्गज सितारों ने शिरकत की थी। इसके बाद साल 2016 में 27 जुलाई को गीता बसरा ने एक बेटी को जन्म दिया। जिसका नाम उन्होंने हिनाया हीर रखा। गीता अक्सर अपनी बेटी हिनाया के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी गीता सोशल मीडिया पर सक्रिय रहीं और अपनी प्रेग्नेंसी लुक्स शेयर करती दिखीं। उन्होंने अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए बहुत-सी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की और उनकी इन तस्वीरों को उनके फैंस ने बहुत पसंद भी किया। तभी तो ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुईं। अपनी गर्भावस्था में गीता काफी फिट नज़र आईं, इस दौरान उन्होंने योग करते हुए अपनी वीडियो भी शेयर की।
मालूम हो कि गीता बसरा कई हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनकी पहली फ़िल्म ‘दिल दिया है’ साल 2006 में रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में गीता ने इमरान हाशमी के साथ काम किया था। हालांकि गीता फिल्मी करियर में खास उपलब्धि हासिल नहीं कर पाई और 2016 के बाद उन्होंने किसी फिल्म में काम भी नहीं किया। फिलहाल गीता ने फ़िल्म इंडस्ट्री से दूरी बनाई हुई है।