नई दिल्ली: देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की तेजी में धीरे-धीरे कमी आने लगी है। ज्यादातर राज्यों में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। हालांकि, मौतों की संख्या में उतार चढ़ाव जारी है। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 1.73 लाख मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry of India) के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 1,73,790 नए मामले दर्ज हुए हैं। वहीं, 3617 कोरोना मरीजों की मौत हो गई।
हालांकि, नए मामलों की तुलना में मरीजों के ठीक होने की दर में बढ़ोतरी हो रही है। बीते दिन देश में 2.84 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में कुल 1,73,790 नए मामले सामने आए है। जबकि, बीते 24 घंटे में कुल 2,84,601 ठीक हुए है। वही, 3,617 लोगों की मौत हो गई है। देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 2,77,29,247 हो गया है। वहीं, अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या 2,51,78,011 है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 3,22,512 है।
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अब देश में अनलॉक (Unlock) की शुरुआत होने लगी है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन (Lockdown) खत्म करने की शुरूवात की जा रही है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 1 जून से अनलॉक की शुरुआत होगी।