नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में निरंतर कमी के बीच स्वस्थ होने वालों की तादाद में लगातार बढ़ोतरी से इनकी दर बढ़कर 93.38 फीसदी हो गई है हालांकि इस बीमारी से दैनिक मौतों की संख्या बढ़ने से मृत्युदर में आंशिक वृद्धि हुई है। इस बीच शुक्रवार को 36 लाख 50 हजार 080 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। देश में अब तक 22 करोड़ 78 लाख 60 हजार 317 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में 1,13,769 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 86 लाख 94 हजार 879 हो गया। इस दौरान एक लाख 97 हजार 894 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 67 लाख 95 हजार 549 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले 80 हजार 745 कम होकर 15 लाख 55 हजार 248 रह गए हैं और इनकी दर 5.42 फीसदी रह गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 3380 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 44 हजार 082 हो गई है जिससे मृत्यु दर आंशिक बढ़ोतरी के साथ 1.20 फीसदी हो गई है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 8077 घटकर 1,99,736 रह गए हैं। इसी दौरान राज्य में 20,852 और मरीजों के ठीक होने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 55,07,058 हो गई है जबकि 1377 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 98,771 हो गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामले 688 कम हुए हैं और अब इनकी संख्या 8060 रह गयी है। यहां 50 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 24,497 हो गई है। वहीं 13,95,892 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।