नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में कमी और इस बीमारी को मात देने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के बीच रिकवरी दर बढ़कर 98 प्रतिशत से अधिक हो गयी है। देश में कोविड टीकाकरण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और इसके आज शाम तक 96 करोड़ के आंकड़े को पार कर लेने की संभावना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को यहां बताया कि आज सुबह सात बजे तक 65 लाख 86 हजार 92 कोविड टीके लगाए गए। देश में कुल टीकाकरण 95 करोड़ 89 लाख 78 हजार 49 हो गया है। आज शाम तक इसके 96 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेने की उम्मीद है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 14,313 नये मामलों की पुष्टि की गयी, जिससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ 39 लाख 85 हजार 920 हो गया है। इसी दौरान 26,579 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद कोरोना मुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर तीन करोड़ 33 लाख 20 हजार 057 हो गयी है। सक्रिय मामले 12,447 घटकर दो लाख 14 हजार 900 रह गये हैं। वहीं 181 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,50,963 हो गया है।
देश में रिकवरी दर बढ़कर 98.04 फीसदी हो गयी है और सक्रिय मामलों की दर घटकर 0.63 फीसदी पर आ गयी है जबकि मृत्यु दर 1.33 फीसदी पर बरकरार है। सक्रिय मामलों में केरल अभी देश में पहले स्थान पर हैं और पिछले 24 घंटों में यहां 9,664 सक्रिय मामले घटने से इनकी संख्या अब 1,02,012 रह गयी है। वहीं 16,576 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 46,73,442 हो गयी है। इसी अवधि में सबसे ज्यादा 84 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 26,342 हो गयी है।
महाराष्ट्र में सक्रिय मामले घटकर 35,710 रह गये हैं जबकि 36 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,39,578 हो गयी है। वहीं कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या 3,033 बढ़कर 64,04,320 रह गयी है।