नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास मंत्र पर व्यंग्य किया है। जयराम ने ट्वीट करते हुए इसे बकवास बताया। उन्होंने लिखा-‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास और इनका बकवास।’
दरअसल आज स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए नया मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ में ‘सबका प्रयास’ भी जोड़ दिया। जिसके बाद कांग्रेस सांसद जयराम ने इसमें ‘इनका बकवास’ शब्द जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज़ कसा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा-‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास और इनका बकवास।’ दरअसल साल 2014 में ही भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास मंत्र दिया था और साल 2019 के चुनावों के बाद इसमें ‘सबका विश्वास’ शब्द जोड़ दिया था। आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंत्र में ‘सबका प्रयास’ जोड़ दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा कि हमें एक ऐसा भारत बनाना है जहां विश्व का हर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद हो और हम किसी से कम न हो। सभी देशवासियों का यही संकल्प हो लेकिन ये संकल्प तब तक अधूरा है जब तक इस संकल्प के साथ-साथ मेहनत और पराक्रम की पराकाष्ठा न हो। इसलिए हमें अपने संकल्प में परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा को सिद्ध करना होगा। ये सभी सपने और संकल्प सीमा पार सुरक्षित और समृद्ध दुनिया के लिए हमारा योगदान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि हम सबको अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लंबा इंतेज़ार करने की ज़रूरत नहीं है। बस अभी से इस कोशिश में जुड़ना होगा क्योंकि हम एक पल भी नहीं गंवा सकते हैं। यह सही समय है अपने देश को बदलने का और इसके नागरिक होने के नाते हमें इसे बदलना ही होगा।