नई दिल्ली: कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। आज दोपहर करीब एक बजे दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जितिन प्रसाद को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसी कड़ी में कांग्रेस के दूसरे नेता प्रमोद तिवारी का नाम भी सुर्खियों में है।
दरअसल साल 2019 में लोकसभा चुनाव से पूर्व ही जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने की बात सामने आई थी। लेकिन उस समय इसे एक अफवाह करार दे दिया गया। इससे पहले जितिन पश्चिम बंगाल में राज्य प्रभारी थे लेकिन हाल में हुए पश्चिम बंगाल चुनावों में कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं हुई। बता दें कि जितिन प्रसाद ने पिछले साल ब्राह्मण चेतना परिषद के नाम से एक संगठन की स्थापना की है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद साल 2001 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। जितिन ने भारतीय युवा कांग्रेस में सचिव पद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। साल 2004 में जितिन प्रसाद शाहजहांपुर सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे और 2008 में उन्हें केंद्रीय मंत्री का पदभार संभालने का मौका मिला। इसके बाद 2009 में जितिन प्रसाद धौरहरा सीट से लोकसभा चुनाव जीते।
बता दें कि भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि पार्टी में कोई बड़ा नेता शामिल होने वाला है। बलूनी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि एक प्रख्यात हस्ती आज (बुधवार) 09 जून, दोपहर 1 बजे भाजपा मुख्यालय, 6ए डीडीयू मार्ग, नई दिल्ली में भाजपा में शामिल होंगी।