जयपुर: राजस्थान कांग्रेस में सचिन पायलट गुट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुट में बीते कई दिनों से खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान राजस्थान सरकार में बदलाव करने वाले है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री निवास पर कैबिनेट की बैठक बुलाई है। खबर आ रही है कि इस बैठक में सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है। इससे पहले ही गहलोत ने तीन मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार किया हैं।
बताया जा रहा है कि 21 नवंबर को गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हो सकता है। मुख्यमंत्री गहलोत आज शाम राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं। राज्यपाल कलराज मिश्र आज उत्तर प्रदेश से वापसी कर रहे हैं। राजस्थान के प्रभारी अजय माकन जयपुर पहुंचे और उन्होंने राजस्थान के तीन मंत्रियों शिक्षामंत्री गोबिन्द सिंह जोटासरा, स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और राजस्वमंत्री हरीश चौधरी के इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया।
इन तीनों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर इस्तीफा पेश कर कांग्रेस संगठन में काम करने की इच्छा जाहिर की है। अशोक गहलोत ने मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री आवास पर बैठक जारी है। अशोक गहलोत, अजय माकन के साथ चर्चा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास पर पीसीसी अध्यक्ष भी मौजूद है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उदयपुर दौरे पर थे।