भदोही जिले की तीन विधानसभा सीटों के लिए आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार का प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र से जहां सुरेश चंद्र मिश्र को प्रत्याशी बनाया है, भदोही से पार्टी के प्रदेश सचिव वसीम अंसारी और औराई विधानसभा सुरक्षित से संजू कन्नौजिया चुनाव लड़ेंगी। इसके साथ ही प्रत्याशी घोषणा के बाद भदोही जिले की सियासी पारा चढ़ गया। अब सबकी निगाह ज्ञानपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी के नाम पर टिकी हुई है। इस लिहाज से भदोही जिले में सियासी रणनीति कांग्रेस की ओर से सभी सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि एक दो दिन में भदोही जिले की पूरी सियासी रणनीति सामने आ जाएगी।
कांग्रेस से टिकट लेने के लिए दावेदारों की लंबी कतार थी लेकिन तीनों प्रत्याशियों ने पार्टी के दस-दस हजार सदस्य बनाकर अपना स्थान बनाने में कामयाब हो गए। ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र से सुरेश चंद्र मिश्र 2016 में जिला पंचायत सदस्य रहे। वह पार्टी की जिला कमेटी में पूर्व उपाध्यक्ष रहे हैं। लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं। इन्होंने अपने विस क्षेत्र से पार्टी के दस हजार सदस्य बनाकर नेतृत्व की नजरों में अपना स्थान बना लिया था।
भदोही सीट से वसीम अंसारी पार्टी की एनएसयूआई विंग के कई वर्षों से जिला, प्रदेश पदाधिकारी रहे। वर्तमान में यह पार्टी के प्रदेश सचिव पद पर हैं। पार्टी कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने का इन्हें परिणाम मिला है। औराई सुरक्षित सीट महिला के खाते में गई। यहां से संजू कनौजिया को प्रत्याशी बनाया है। पाटी ने इन्हें टिकट देकर लड़की हूं लड़ सकती हूं के संकल्प को पूरा करने का प्रयास किया है। तीनों सीटों के प्रत्याशियों ने अभी तक कोई बड़ा चुनाव नहीं लडा है। तीनों चेहरे पहली बार पार्टी के प्रत्याशी बने और चुनाव मैदान में हैं।