नई दिल्ली: केंद्र सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बीच वाद-विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पिछले दिनों ट्विटर को अंतिम नोटिस देने के बाद अब इंस्टाग्राम के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। फेसबुक के स्वामित्व वाले ऐप इंस्टाग्राम पर भगवान शिव का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने इंस्टाग्राम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता मनीष सिंह ने इंस्टाग्राम के सीईओ और अन्य अधिकारियों में खिलाफ दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। भाजपा नेता मनीष सिंह का आरोप है कि इंस्टाग्राम में शिव की-वर्ड सर्च करने पर भगवान शिव के कई प्रकार के स्टीकर सामने आते है। ऐसे में इंस्टाग्राम के एक स्टीकर में भगवान शिव को गलत तरीके से दिखाया गया है। इस स्टीकर में भगवान शिव के हाथ में शराब का ग्लास है तो दूसरे हाथ में फ़ोन है। भाजपा नेता का आरोप है कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। भाजपा नेता मनीष सिंह ने इस स्टीकर की तस्वीरें भी दिखाई हैं।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने लोगों की भावनाएं आहत की है। कुछ समय पहले अमेज़न के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई थी। दरअसल कंपनी कर्नाटक के झंडे के रंग वाली बिकनी बेच रही थी। हालांकि शिकायत के बाद उसे हटा दिया गया। इससे पहले से केंद्र सरकार का अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से विवाद चल रहा है। केंद्र सरकार का आदेश है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स नए आईटी नियमों का पालन करे। लेकिन ट्विटर समेत कुछ ऐप्स ने इसे गंभीरता से न लेकर इसपर आपत्ति जताई है। लेकिन केंद्र भी अपने निर्णय पर अड़ी है।