चंडीगढ़: पंजाब (Punjab) में सोमवार को चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पंजाब के चरणजीत सिंह चन्नी पहले दलित मुख्यमंत्री बने हैं। शनिवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस (Congress) पार्टी ने फैसला लेते हुए चन्नी के नाम पर मुहर लगाई।
चंडीगढ़ स्थित राजभवन में सोमवार को चरणजीत सिंह चन्नी के अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने मंत्री पद के तौर पर शपथ ग्रहण की। दोनों को पंजाब सरकार में उप-मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई बड़े नेता वहां मौजूद रहे।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने एक दलित मुख्यमंत्री बनाया। ऐसा पंजाब के इतिहास में पहली बार हुआ है। वहीं, शपथ से पहले पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि पार्टी साल 2022 का विधानसभा चुनाव नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब कैबिनेट की अगुवाई में लड़ेगी।