चंडीगढ़: पंजाब में आज एक बस दुर्घटना में कांग्रेस के तीन सदस्यों की मौत हो गई। यही नहीं इस दुर्घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। यह दुर्घटना मोगा जिला की है और ये कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिंद्धु की ताजपोशी के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए जा रहे थे। पुलिस की माने तो दो बसों की आपस में टक्कर होने के कारण यह दुर्घटना घटी। जानकारी के मुताबिक एक स्टेट ट्रांसपोर्ट बस की एक निजी मिनी बस के साथ टक्कर हो गई।
दरअसल पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष की कमान अब नवजोत सिंह सिद्धू को सौंपी जा चुकी है। जिसके बाद आज उनको ताजपोशी की जानी है। इसी ताजपोशी समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता निजी मिनी बस में सवार होकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में बस की स्टेट ट्रांसपोर्ट बस के साथ टक्कर हो गई और इस हादसे में 3 कांग्रेसी नेताओं की मौत हो गई। साथ ही 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मोगा जिले के एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस दुर्घटना को लेकर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मोगा जिले में बस दुर्घटना में तीन कांग्रेसियों की जान चली गई। वहीं काफी लोग घायल भी हुए हैं। इस घटना से आहत हुआ हूँ। मुख्यमंत्री अमरिंदर ने आगे बताया कि उन्होंने डीसी को आदेश दिया है कि सभी घायलों की इलाज में सहायता करें और राज्य सरकार को पूरे मामले की रिपोर्ट दे।
बता दें कि पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू आज पंजाब के कांग्रेस भवन में अध्यक्ष पद संभालेंगे। कांग्रेस की ओर से उनकी ताजपोशी के लिए बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दौरान सिंद्धु भी इस कार्यक्रम को अपनी ताकत के रूप में प्रदर्शित कर रहे हैं। गौरतलब है कि आज मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की ओर से भी चाय पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल रहे और इसके बाद स्वयं सीएम अमरिंदर सिंह सिद्धू की ताजपोशी में पहुंचेंगे। ऐसे में सोचने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह कार्यक्रम में कैसे पहुंच रहे हैं? तो इसपर अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि प्रियंका गांधी ने स्वयं अमरिंदर सिंह से कहा कि उन्हें सिद्धू के पदग्रहण समारोह में जाना चाहिए क्योंकि वे मुख्यमंत्री हैं। अगर वे नहीं जाते हैं तो लोगों को गलत संदेश जाएगा।