बैंगलोर: कर्नाटक भाजपा में हलचल बढ़ती नज़र आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे की खबर ने भाजपा की सियासत में भूचाल ला दिया है। अब बीएस येदियुरप्पा दिल्ली दौरे पर हैं और शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की। अब शनिवार को येदुरप्पा BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे हैं। उनसे मिलने के बाद येदियुरप्पा के इस्तीफे को लेकर नई जानकारी सामने आई है। येदियुरप्पा आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मिलेंगे।
दरअसल भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने के बाद बीएस येदियुरप्पा अपने इस्तीफे में एक नया मोड़ ले आए हैं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद उन्होंने बताया कि पीएम मोदी से उन्होंने कर्नाटक के विकास संबंधी मुद्दों पर बात की। लेकिन सूत्रों की माने तो येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा है कि वे उनके द्वारा दिए गए हर आदेश का पालन करने के लिए तैयार है और अगर प्रधानमंत्री उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहेंगे तो वह इस्तीफा भी दे देंगे। फिलहाल येदियुरप्पा के इस्तीफे पर चर्चा जारी है और जानकारी है कि अगर येदियुरप्पा की सभी शर्तों को स्वीकार किया गया तो वे इस्तीफा दे देंगे। पार्टी आलाकमान से येदियुरप्पा ने कहा है कि वे BJP की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध है।
सूत्रों की माने तो येदियुरप्पा ने पार्टी से मांग की है कि उनके बेटों को केंद्रीय स्तर पर सम्मानजनक पद दिए जाए। अगर भाजपा उनकी ये शर्त मान जाती है तो वे इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद भाजपा भी कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री की तलाश में जुट गई है। हालांकि बीएस येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे की खबरों को खारिज किया है। मेडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर कर्नाटक के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। मैं अगस्त में दोबारा दिल्ली आऊंगा और इस्तीफे की खबरों में कोई दम नहीं है।
बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए विस्तार में कर्नाटक की सांसद शोभा करांदलाजे को भी शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार उन्हें कर्नाटक में बदलाव लाने के तहत ही कैबिनेट में जगह दी गई है। शोभा करांदलाजे मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की विश्वसनीय राजनीतिक सहयोगी मानी जाती हैं। वहीं कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री पद के लिए बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को मुख्य दावेदार माना जा रहा है।