नई दिल्ली: नरेन्द्र मोदी के सरकार में 20 साल पूरे होने के मौके पर और पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) के जन्मदिवस (Birthday) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में 17 सितम्बर से सात अक्टूबर तक सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। मोदी ने पहली बार सात अक्टूबर 2001 को गुजरात में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्हें दिवंगत केशूभाई पटेल की जगह मुख्यमंत्री बनाया गया था। मोदी इसके बाद गुजरात में तीन बार मुख्यमंत्री रहे और मई 2014 में उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। प्रधानमंत्री के तौर पर उनके सात साल पूरे हो गए हैं जो किसी भी गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री का अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है। मोदी का 17 सितम्बर को जन्म दिन है।
प्रदेश और जिला कार्यालयों में नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। नमो ऐप पर पीएम नरेंद्र मोदी की वर्चुअल प्रदर्शनी होगी। 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर पीएम मोदी के जन्मदिन समारोह का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
वहीं, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर खादी के प्रयोग को बढ़ावा देने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही नदी सफाई अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा जिसके अनुसार 71 नदियों की सफाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 71 स्थानों पर गंगा की सफाई की जाएगी। साथ ही पार्टी अनाथ बच्चों के लिए भी विशेष अभियान चलाएगी।