नई दिल्ली: दिल्ली में साफ पानी की हो रही किल्लत को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ आज प्रदर्शन किया। भाजपा ने सोमवार को आठ राज निवास मार्ग पर प्रदर्शन किया और इस दौरान BJP प्रदर्शनकारीयों पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली पुलिस ने उनपर पानी की बौछारें की। जिसके बाद भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एक के बाद एक ट्वीट करते हुए आप सरकार पर हमला बोल दिया है।
आदेश गुप्ता ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया-‘आज दिल्ली जल बोर्ड चेयरमैन सत्येंद्र जैन के निवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रचंड प्रदर्शन कर दिल्ली में पानी की मांग को लेकर संघर्ष किया। अगर दिल्ली में अगले 48 घंटे में पानी की व्यवस्था सही नहीं हुई तो भाजपा CM अरविंद केजरीवाल के घर का पानी काटेगी। अपने अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा है-‘दिल्ली के 100 से अधिक इलाकों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं, लोगों को अपने-अपने क्षेत्रों में पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में भाजपा एक मूक दर्शक नहीं बनी रह सकती है, हमारे कार्यकर्ता हर क्षेत्र में केजरीवाल सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे।”
उन्होंने फिर लिखा-‘Rs 800Cr के फायदें में चलने वाले दिल्ली जल बोर्ड को @ArvindKejriwal सरकार की भ्रष्टाचारी नीतियों ने बुरी तरह से कंगाल कर दिया है। दिल्ली सरकार ने बोर्ड को गत वर्षों में Rs 57,000Cr दिए हैं, लेकिन इसमें से Rs 26,000Cr का कहीं कोई हिसाब-किताब नहीं है।’ एक अन्य ट्वीट में आदेश गुप्ता ने लिखा-‘दिल्ली की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, ऐसे में जब अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्रियों का पानी कटेगा तो उन्हें एहसास होगा कि पानी न मिलने से क्या दिक्कत होती है।’
ट्वीट का ये सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक अन्य ट्वीट में लिखा-‘टैंकर माफिया को खत्म करने का वादा कर सत्ता में आने वाली अरविंद केजरीवाल सरकार अब माफियाओं के साथ सांठगांठ कर दिल्लीवासियों को लूटने में जुट गई है। टैंकर घोटालों में AAP के विधायकों एवं कार्यकर्ताओं का पूरी तरह से गठजोड़ है।’ उन्होंने कहा-‘जिस विकास मॉडल की अरविंद केजरीवाल दूसरे राज्यों में राजनीति कर रहे हैं, आज उसी मॉडल के अंदर दिल्लीवासियों को पानी नहीं मिल रहा है, जहाँ पानी आ रहा है वहां गंदा व कीड़े वाला पानी दिया जा रहा है, टैंकर माफिया सक्रिय है, जल बोर्ड में भयंकर भ्रष्टाचार है।’ अपने सारे ट्वीट्स में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने #DelhiMangeSaafPani का प्रयोग किया है।