मुंबई: महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के जीवन पर आधारित फिल्म बनने के बाद अब पूर्व क्रिकेटर और इंडियन क्रिकेट के बोर्ड ऑफ कंट्रोल के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली की बायोपिक बनने वाली है। सौरव ने स्वयं इसके लिए स्वीकृति दी है। जानकारी के अनुसार यह फ़िल्म बड़े बजट की हो सकती है। लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये की लागत से यह फ़िल्म बनाई जाएगी। खबर यह भी है कि सौरव गांगुली की बायोपिक में रणबीर कपूर उनका किरदार निभाते नजर आएंगे।
दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान सौरव गांगुली ने बताया कि उनके जीवन पर बायोपिक बन रही है। उन्होंने कहा कि हाँ मैंने इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी है और यह फ़िल्म हिंदी में होगी। उन्होंने आगे कहा कि अभी निर्देशक के बारे में जानकारी देना उचित नहीं है। एक बार सभी चीजें तय हो जाए फिर फैंस को सारी जानकारी दे दी जाएंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार फ़िल्म की स्क्रिप्ट तैयार है और सौरव से प्रोडक्शन हाउस की कई बार मुलाकात हो चुकी है। सूत्रों की माने तो मुख्य किरदार के लिए अभिनेता भी चुने जा चुके हैं। फिलहाल रणबीर कपूर का नाम सौरव गांगुली का किरदार निभाने के लिए सामने आया है। लेकिन इसके साथ ही दो अन्य अभिनेताओं को लेकर भी विचार किया जा रहा है। अभी सबकुछ तय नहीं हुआ है इसलिए कुछ भी कन्फर्म नहीं है। मालूम हो कि कुछ समय पहले नेहा धूपिया ने सौरव गांगुली के जीवन पर बन रही फिल्म में उनका किरदार निभाने के लिए ऋतिक रोशन को चुने जाने का सुझाव दिया था। इसपर सौरव गांगुली ने कहा था कि इसके लिए ऋतिक को मेरे जैसा शरीर बनाना होगा। वह काफी अच्छे दिखते हैं और लोगों को उनकी मस्कुलर बॉडी पसन्द है। ऐसे में लोग कहेंगे कि आपकी ऋतिक जैसी बॉडी होनी चाहिए, हालांकि फ़िल्म के लिए ऋतिक को मेरी जैसी बॉडी बनानी पड़ेगी जो कि काफी मुश्किल हो जाएगा।
पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली पर बनने वाली ये फ़िल्म उनकी अब तक की पूरी जर्नी पर आधारित होगी। उनकी फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। जिसके तहत उनके युवा क्रिकेटर बनने से लेकर राष्ट्रीय टीम में उनके कप्तान बनने तक के सफर को इस फ़िल्म में दर्शाया जाएगा। किस प्रकार सौरव गांगुली BCCI के प्रेसिडेंट बने और अपनी जिंदगी में उन्होंने किस प्रकार के उतार-चढ़ाव का सामना किया ये सबकुछ फ़िल्म में दिखाया जाएगा।