(सैयद असदर अली)- आज बिहार अपनी स्थापना (Bihar Foundation Day) का 110 साल पूरा होने का उत्सव मना रहा है, 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रेसिडेंसी (Bengal Presidency) से अलग कर बिहार को एक नया राज्य बनाया गया था। पूरा बिहार आज जश्न में डूबा है और बिहारवासी अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। बिहार की धरती कई मायनो में हमेशा से ऐतिहासिक रही है और बिहार हमेशा से ही सुर्ख़ियों में रहा है। एक बार फिर बिहार की पावन और ऐतिहासिक धरती ने ऐसा कमाल कर दिखाया किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।
एक हिंदी फिल्म का मशहूर गीत – मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती …. ये तो आप सभी ने सुना ही होगा। अब हमारे देश के महत्वपूर्ण राज्य बिहार में हकीकत में ऐसा ही कुछ करिश्मा होता दिखाई दिया है। आइये जानते हैं क्या है पूरी कहानी।
बिहार की धरती ने उगला सोना, गाँव वाले हुए चकित
बिहार के बक्सर ज़िले के एक खेत ने सच में ज़मीन से सोना उगला है। रविवार को एक महिला किसान सब्जी उगाने के लिए अपने खेत में खुदाई कर रही थी तभी खुदाई के दौरान अचानक उसी जमीन से महिला किसान को सोने के 3 सिक्के (Gold Coins) मिले हैं। महिला किसान को कुछ समझ नहीं आया, पहले तो उसे समझ ही नहीं आया की ये क्या चीज़ है। उसे उम्मीद ही नहीं थी की ये सोना भी हो सकता है।
प्रशासन ने की खेत की घेराबंदी, ASI जुटा जांच में
मामला बक्सर ज़िले के गिरिधर बराव गांव का है। एक महिला किसान द्वारा यहाँ खेत में खुदाई के दौरान सोने के तीन बड़े प्राचीन सिक्के मिले हैं। महिला किसान के लोगों को जानकारी देने के बाद खेत से सोना निकालने के लिए वहां भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने खेत की घेराबंदी कर दी और सिक्कों को जब्त कर लिया है। बाद में पुरातत्व विभाग (ASI) की टीम भी इस जगह की जांच में जूट गई जांच के बाद ही पता चल पायेगा कि यहां और भी प्राचीन चीजें है या नहीं। पर फिलहाल यह गांव सोने की वजह से सुर्खियों में आ गया है।
खेत की खुदाई करते ही दिखी चमकती हुई चीज
जिस खेत से सोने के सिक्के मिले हैं, वो बिहारी साह नामक व्यक्ति का है। जिस पर गांव के ही धंनेश्वर महतो की पत्नी बिहसी देवी और उसका बेटा भीम बटइया पर सब्जी की खेती कर रहे थे। रोज़ की तरह बिहसी अपने बेटे के साथ सब्जी की फसल उगाने के लिए खेत में खुदाई कर रही थी। उसने खुर्पी से जमीन के ऊपर की घास हटाकर गड्ढा करना शुरू ही किया था, कि एक इंच खोदने पर ही उसे ज़मीन में चमकती हुई कोई चीज़ दिखाई दी।
बिहसी ने बताया कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि खेत से सोने के सिक्के निकल जाएंगे। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों के बोलने पर हम सब लोग पास के सुनार के पास गए तो पता चला की ये सोना है, ये सुनकर मैं तो हैरान रह गई। इसके बाद गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद इस खेत के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल वहां के लोगों को खुदाई करने से प्रशासन ने मना कर दिया है।