बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह (Bihar Agriculture Minister Sudhakar Singh) ने रविवार को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Deputy CM Tejashwi Yadav) को अपना इस्तीफा सौंप दिया। पिछले कुछ समय से सुधाकर सिंह लगातार एक के बाद एक विवादित बयान देकर सुर्ख़ियों में रहे हैं। सुधाकर सिंह राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं।
बीते दिनों एक कार्यक्रम में सुधाकर सिंह, ने कहा था- उनके विभाग में सारे चोर हैं, और वे चोरों के सरदार हैं। एक बार उन्होंने कहा था कि माप तौल अधिकारी मिलें, तो उन्हें जूते से मारिए। कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के कृषि रोड मैप पर भी सवाल उठाया था।
सुधाकर सिंह ने अपनी सरकार के अंदर भ्रष्टाचार की बात भी खुले पटल पर राखी थी। बिहार के कैमूर ज़िले में मंत्री ने कहा था कि हम चोरों के सरदार हैं। यही नहीं उन्होंने बिहार बीज निगम पर आरोप लगाते हुए कहा था कि निगम के बीज फर्जी हैं और दो -ढ़ाई सौ करोड़ रुपए का बीज निगम ही खा जाता है। इस दौरान उन्होंने मंत्रालय के माप तौल विभाग को वसूली विभाग कह कर उन्हें जूते से मारने को भी कहा था।
बेटे के इस्तीफे पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह (RJD State President Jagdanand Singh) ने कहा कि कृषि मंत्री रहते हुए सुधाकर सिंह ने मंडी कानून पर आवाज उठाई, जिस पर काफी आंदोलन चला। हम नहीं चाहते हैं कि लड़ाई आगे बढ़े, इसलिए आज उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया है, ताकि राज्य सरकार के परिचालन में कोई बाधा न हो।
सुधाकर सिंह के विवादित बयानों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी खासे नाराज़ बताये जा रहे थे, शायद यही वजह है कि आज कृषि मंत्री ने तेजस्वी यादव को अपना इस्तीफा सौंप दिया, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस्तीफे को मंज़ज़ोर करने की बात ही सामने आई है।