मुंबई: पॉपुलर शो बालिका वधू में कल्याणी देवी के रोल में देखी गई दिग्गज अदाकारा सुरेखा सीकरी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। शुक्रवार यानी 16 जुलाई की सुबह दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हो गया। अदाकारा काफी लंबे समय से बीमार थीं। अदाकारा सुरेखा सीकरी को 2020 में दूसरी बार ब्रेन स्ट्रोक आया था। तब से उनकी तबीयत काफी खराब चल रही थी।
सुरेखा सीकरी तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकीं है। सुरेखा सीकरी का अलविदा कह जाना फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। सुरेखा सीकरी के निधन पर बॉलीवुड सेलेब्स ने दुख जताया है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स सुरेखा सीकरी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सुरेखा सीकरी ने टीवी शो बालिका वधू में दादीसा का रोल निभाया था। इस रोल में सुरेखा को काफी पसंद किया गया था।
Rest in peace #SurekhaSikri ji 🙏🏽 pic.twitter.com/yAmDbkACEU
— Randeep Hooda (@RandeepHooda) July 16, 2021
सुरेखा ने साल 1978 में पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म किस्सा कुर्सी का से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। सुरेखा को तीन बार बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला था। उन्हें ये अवॉर्ड फिल्म तमस (1988), मम्मो (1995) और बधाई हो (2018) के लिए मिला था। सुरेखा ने मलायलम फिल्मों में भी काम किया था। सुरेखा के पॉपुलर शोज में परदेश में है मेरा दिल, महाकुंभ: एक रहस्य, एक कहानी, सात फेरे: सलोनी का सफर, केसर, बनेगी अपनी बात, कभी कभी, जस्ट मोहब्बत आदि शामिल हैं। सुरेखा का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। सुरेखा ने 1971 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएशन की थी।