मुंबई: मुंबई का सत्र न्यायालय मादक पदार्थ मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की जमानत याचिका पर बुधवार को यानी आज अपना फैसला सुना सकता है। आर्यन, उसके मित्र अरबाज मर्चेंट और छह अन्य को गोवा जाने वाले क्रूज पर दो अक्टूबर को मादक द्रव्यों के साथ पकड़ा गया था। मादक द्रव्य नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने उन्हें चरस, हशीश जैसे मादक द्रव्य रखने और सेवन करने के जुर्म में गिरफ्तार किया था।
आर्यन की जमानत अर्जी पर 14 अक्टूबर को सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई थी, अदालत ने दो दिन की सुनवाई के बाद फैसला 20 अक्टूबर तक सुरक्षित रख लिया था। आर्यन की गिरफ्तारी के तुरंत बाद बचाव पक्ष ने स्थानीय अदालत में एक जमानत याचिका दायर की थी जिसे आठ अक्टूबर को सुनवाई के बाद खारिज कर दिया था। स्थानीय अदालत द्वारा जमानत खारिज होने के बाद आर्यन की ओर से सत्र न्यायालय में याचिका दायर की गई थी।
अभिनेता शाहरुख के बेटे आर्यन खान को एनसीबी ने 3 अक्टूबर को मुंबई तट पर कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर एक रेव पार्टी में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया था। इसक बाद कोर्ट ने आर्यन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वह मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद है। आर्यन खान के साथ एजेंसी ने 7 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया था।