जयपुर: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज जयपुर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं एवं पुष्प वर्षा एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से उनका जोरदार स्वागत किया गया। शाह के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष गुलाबन्द कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी, भूपेन्द्र यादव, पार्टी नेता ओमप्रकाश माथुर सहित कई नेताओं ने उनकी अगवानी की।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज यहां गहलोत सरकार पर चुनाव में किए वायदे पूरे नहीं करने तथा पेट्रोल एवं डीजल पर टैक्स नहीं घटाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि डीजल एवं पेट्रोल पर दाम घटाने के लिए आंदोलन कर सरकार को डीजल-पेट्रोल दाम घटाने के लिए मजबूर करे। शाह आज यहां भाजपा द्वारा आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपनी तिजोरी प्रिय हैं। केन्द्र और भाजपा शासित प्रदेश सरकारों में पेट्रोल के दाम घटा दिए लेकिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने गहलोत को पेट्रोल डीजल की दरों में कटोती का सुझाव देते हुए कहा कि ऐसा नहीं किया तो जनता राह देखकर खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव में बेरोजगारी भत्ता देने तथा किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया था लेकिन ये दोनों वादे पूरे नहीं किए। यह पार्टी झूठे वादे करके सरकार में आई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जयपुर में कहा था किसानों के कर्जे दस दिन में माफ कर देंगे लेकिन नहीं किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 करोड़ किसानों के कर्जे माफ किये। राज्य में कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि यह सरकार ‘लो और ऑर्डर करो’ की नीति पर काम कर रही है। जिससे लूट के मामलों में 40 प्रतिशत, अपहरण में 25 , बलात्कार में 21, दलित अत्याचार में 42 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार गरीबों को कोई सुविधा नहीं दे रही तथा वसुंधरा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बंद या तोड़ मरोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यह कहते हैं कि भाजपा हमारी सरकार गिराना चाहती है, उनकी सरकार के लोग भी भाग रहे हैं। शाह ने कहा कि मैं यह कहना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार कोई नहीं गिरा रहा है। भाजपा ऐसा काम कभी नहीं करेगी तथा चुनाव में जनता के सामने जाकर प्रचण्ड बहुमत हासिल करेगी।